रांची
राजद के प्रदेश प्रवक्ता कैलाश यादव ने आज केंद्र सरकार द्वारा संसद में पेश किए गए 130वें संविधान संशोधन विधेयक पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि यह विधेयक आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए एक "राजनीतिक हथियार" के रूप में लाया गया है।
यादव ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में सैकड़ों नेता ऐसे हैं, जो गंभीर आपराधिक मामलों और भ्रष्टाचार में लिप्त रहे हैं। इसके बावजूद पार्टी नैतिकता की बात करती है।"
.jpeg)
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित कई भाजपा नेताओं पर गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर व्यापमं जैसे घोटाले के आरोप लगे हैं।
कैलाश यादव ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार, पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री नारायण राणे और प्रफुल्ल पटेल जैसे कई नेताओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इन सभी पर भ्रष्टाचार और आपराधिक मामलों के गंभीर आरोप हैं। राजद प्रवक्ता ने दावा किया कि "अब जनता भाजपा के जुमलों और झांसों में नहीं फंसेगी। यह 130वां संविधान संशोधन बिल जनता को भ्रमित करने और चुनावी फायदे के लिए लाया गया है।"
.jpg)